PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका का पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन कर कथित तौर पर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने फोन कॉल की लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने एक प्लॉट में बने कमरे की जांच की तो वहां काजल (26) पत्नी धीरज पंवार का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया महिला की मौत गोली लगने से होना बताया जा रहा है। काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर स्थित सत्य साईं मंदिर के पास रह रही थी। वह मूल रूप से ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी।
बताया गया कि काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ रह रही थी, जबकि उसका भाई अभिषेक भी पास में ही रहता है। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। मृतका के भाई की तहरीर पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

