PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई, 19 सितंबर। थाना सेलाकुई पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत चंडीगढ़ से पौड़ी गढ़वाल ले जाई जा रही 11 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब में कुल 126 बोतलें शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.32 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की शाम सेलाकुई क्षेत्र के सारना के पास रूटीन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सहसपुर की ओर से आ रही सफेद रंग की टोयोटा इटियॉस टैक्सी PB01C-0837 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिग्गी से 11 गत्ते की पेटियों में अलग-अलग ब्रांड की चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
मौके से पुलिस ने अनिल सिंह (44) निवासी आदर्शनगर, नया गांव, एसएएस नगर मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टैक्सी चालक है और शराब को चंडीगढ़ से पौड़ी गढ़वाल में एक शादी समारोह के लिए लेकर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 142/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शराब के साथ टैक्सी को भी कब्जे में लिया
है।

