PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। लक्खीबाग चौकी क्षेत्र में एक सिपाही पर युवती से छेड़छाड़ करने तथा उस पर मोबाइल नंबर देने का दबाव बनाने के आरोप के बाद बुधवार को मामला गरमा गया। कार्रवाई में देरी से नाराज हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने लक्खीबाग चौकी के बाहर सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
बताया गया कि युवती की ओर से करीब तीन दिन पहले शहर कोतवाली में शिकायत दी गई थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने से हिन्दू संगठनों में नाराजगी बढ़ गई। बुधवार को कार्यकर्ताओं ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर चौकी के बाहर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी स्वप्निल मुवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हुआ।
मामले में देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने आरोपी सिपाही राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया। पुलिस स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। हालांकि, निलंबन की कार्रवाई के बाद मामला जांच के दायरे में है और आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

