PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के आर्केडिया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य पूरा होने पर देवभूमि सर्व समाज संगठन के पदाधिकारियों ने विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर से भेंट की। पदाधिकारियों ने विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर प्रसन्नता जताई और उनका आभार व्यक्त किया
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा, सुगम आवागमन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विधायक ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य लगातार आगे बढ़ाए जा रहे हैं। सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
विधायक ने देवभूमि सर्व समाज संगठन के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का सहयोग और विश्वास विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार और विकास के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
इस दौरान देवभूमि सर्व समाज संगठन के महामंत्री राजेश कुमार, सह-संस्थापक हरिओम यादव, अध्यक्ष वीरेन्द्र राजपूत, उपाध्यक्ष अमित राजपूत, महिला मोर्चा सचिव मंजू कश्यप, वरिष्ठ सलाहकार नरेंद्र राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

