PACHWADUN MEDIA.COM
एटनबाग चाय बागान के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मलूकावाला निवासी इसम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि इसम सिंह महिंद्रा वर्कशॉप में रात्रि चौकीदार के रूप में कार्य करते थे
सुबह सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि रात के समय किसी अज्ञात वाहन ने इसम सिंह को टक्कर मारी होगी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर आई चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस घटना को सड़क हादसे के एंगल से जांच रही है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

