PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देशानुसार शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पछवादून क्षेत्र में सघन छापेमारी और औचक निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई की सूचना से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, विकासनगर संजय तिवारी के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले रामपुर कला स्थित मैसर्स इकबाल एंड संस पर छापा मारा। यहां से मीट मसाले और देगी मिर्च के नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शंकरपुर-सहसपुर स्थित मैसर्स फैजान किराना स्टोर का निरीक्षण किया। टीम ने दुकान से सरसों के तेल और चायपत्ती के नमूने भी लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

इसके बाद टीम विकासनगर पहुंची, जहां संतृप्ति रेस्टोरेंट, डिवाइन रेस्टोरेंट और इलायची रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीनों रेस्टोरेंट में मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट तथा बेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि संबंधित तीनों रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें 14 दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से पछवादून क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य प्रतिष्ठानों में आवश्यक मानकों के पालन को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

