PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई, देहरादून। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर 21 अगस्त को सेलाकुई पुलिस ने थाना क्षेत्र में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिस टीम ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी दैनिक आवश्यकताओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और किसी भी प्रकार की समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ नागरिकों को भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी अथवा आवश्यकता की स्थिति में वे तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सहायता को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर उनके घर जाकर कुशलक्षेम पूछी जा रही है और उनकी समस्याओं का यथासंभव समाधान किया जाएगा।
इस दौरान पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस के घर पहुंचकर हालचाल जानने और सुरक्षा का भरोसा दिलाने पर वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। सेलाकुई पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है।

