PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई। घर से बिना बताए घूमने निकले तीन नाबालिग भाई-बहन को सेलाकुई पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सहारनपुर के बादशाही बाग से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया.

जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त को खेड़ी गेट, सेलाकुई निवासी दीपा रावत ने थाना सेलाकुई में सूचना दी कि उनके तीन बच्चे घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं। बच्चों में आयुष (13 वर्ष), अंकिता (10 वर्ष) और अतुल (8 वर्ष) शामिल थे।
सूचना मिलते ही थाना सेलाकुई पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए तत्काल टीम गठित कर संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 20 अगस्त को तीनों बच्चों को सहारनपुर के बादशाही बाग से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे घूमने के लिए घर से निकले थे और घूमते-घूमते सहारनपुर के बादशाही बाग पहुंच गए। बच्चों के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया।
तीनों बच्चों के सुरक्षित मिल जाने पर परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की कार्यशैली और तत्परता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

