PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए कोतवाली प्रेम नगर पुलिस ने एक निजी मकान में चल रहे हाईप्रोफाइल जुए और ऑनलाइन सट्टे के खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से मकान मालिक समेत 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
देर रात त्यागी मार्केट में पुलिस की छापेमारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक निजी मकान के भीतर बड़े पैमाने पर अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने 16 जुलाई 2026 की देर रात्रि प्रेम नगर के त्यागी मार्केट स्थित एक मकान में अचानक दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध रूप से जुआ खेल रहे और ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से सट्टा लगा रहे 5 आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
नगदी, मोबाइल और ताश के पत्ते बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए और सट्टे में दांव पर लगाई गई 55,690 रुपये की नगदी, ऑनलाइन गेमिंग में इस्तेमाल किए जा रहे 07 मोबाइल फोन और 89 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कोतवाली प्रेम नगर में धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा जल्द:
पूछताछ में सामने आया कि यह मकान गिरफ्तार आरोपी सुमित माकिन का है, जो अपने घर पर लोगों को बुलाकर जुआ खिलवाता था और ऑनलाइन सट्टेबाजी का रैकेट चला रहा था। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइल फोनों से ऑनलाइन सट्टे से जुड़े एक बहुत बड़े नेटवर्क के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण: सुमित माकिन (उम्र 40 वर्ष), पुत्र श्री इन्द्रप्रकाश माकीन, निवासी त्यागी मार्केट, प्रेमनगर, (मकान मालिक)।, यातेन्द्र भाटिया (उम्र 44 वर्ष), पुत्र श्री किशन लाल भाटिया, निवासी त्यागी मार्केट।, संजय कुमार (उम्र 36 वर्ष), पुत्र स्व० श्री विक्रम सिंह, निवासी त्यागी मार्केट, काजल कुमार (राहुल कुमार) (उम्र 31 वर्ष), पुत्र श्री जगदीश कुमार, निवासी देहराखास, देवऋषि इन्क्लेव, राहुल कुमार (उम्र 34 वर्ष), पुत्र श्री सुरेन्द्र कुमार, निवासी संजय कालोनी, पटेलनगर
पुलिस टीम की भूमिका वरिष्ठ उप-निरीक्षक (W.U.N.I.) मुकेश थलेडी, उप-निरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल यशवीर, और कांस्टेबल पंकज, अरशद, रवि शंकर, रोबिन सिंह व राजीव शामिल रहे।

