PACHWADUN MEDIA.COM
कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आ रही बाधा और बढ़ती किल्लत के बीच होटल व रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग की शिकायत मिलने पर जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने गुरुवार को विकासनगर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट से घरेलू गैस के 12 सिलेंडर जब्त किए गए।

खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने पूर्ति निरीक्षक राखी वर्मा के नेतृत्व में विकासनगर के कई प्रतिष्ठानों पर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट संचालक व्यावसायिक कार्यों के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे थे, जो नियमों के विरुद्ध है।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए और संबंधित संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग न करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति प्रभावित होने के कारण देश के कई हिस्सों में गैस की किल्लत बनी हुई है। इसका सबसे अधिक प्रभाव कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर पड़ा है। इसी कारण कुछ स्थानों पर होटल और रेस्टोरेंट संचालक घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करते पाए जा रहे हैं।
पूर्ति निरीक्षक राखी वर्मा ने बताया कि सभी होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


