PACHWADUN MEDIA.COM
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इसी क्रम में 22 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर गैस गोदाम, विकासनगर क्षेत्र से जाकिर (24) पुत्र वकील, निवासी बड़ा कुआं, मिर्जापुर, थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक उत्तर प्रदेश के कैराना निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर विकासनगर और डाकपत्थर क्षेत्र में आने-जाने वाले पहाड़ी युवकों, ड्राइवरों तथा कॉलेज छात्रों को बेचता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह 22 जुलाई को स्मैक बेचने के उद्देश्य से डाकपत्थर आया था, लेकिन पुलिस ने उसे माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा जिस व्यक्ति से स्मैक खरीदने की बात कही गई है, उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत विवेचना की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह (चौकी प्रभारी डाकपत्थर), उपनिरीक्षक सनोज कुमार, कांस्टेबल नरेश पंत, नवीन कोहली, पदम सिंह एवं रविन्द्र चौहान शामिल रहे।

