PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। देहरादून पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर धोखाधड़ी करने के आरोप में चमन (50) निवासी उत्तरकाशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने किडनी की बीमारी से पीड़ित महिला को डायलिसिस के लिए सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देकर उसके भारतीय स्टेट बैंक और केनरा बैंक में खाते खुलवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया। एक खाते में धोखाधड़ी के जरिए 50 हजार रुपये आने का मामला सामने आया है।
साइबर सेल से मिली म्यूल अकाउंट की सूची की जांच के दौरान विकासनगर पुलिस को इस मामले का पता चला। जांच में महिला ने बताया कि आरोपी ने बैंक खातों से संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड और खाते से जुड़े मोबाइल नंबर अपने पास रख लिए थे। पुलिस ने 21 अक्टूबर को आरोपी को पुल नंबर-1, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खातों में आई रकम एटीएम के जरिए निकाल लेता था और महिला को इसके बदले कोई पैसा नहीं देता था। आरोपी के कब्जे से दो बैंक पासबुक, एक एटीएम कार्ड और एक एयरटेल सिम कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
कोतवाली विकासनगर में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आर्थिक सहायता या कमीशन का लालच देने वाले अनजान व्यक्तियों को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक और खाते से जुड़ा सिम कार्ड न सौंपें।

