PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई। पछवादून के सेलाकुई मुख्य बाजार में पुलिस पिकेट के पास अज्ञात चोरों ने जूते की दुकान की दीवार तोड़कर हजारों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। पुलिस पिकेट के नजदीक हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार राजारोड सेलाकुई निवासी सुभाष कुमार पुत्र किशन लाल की मुख्य बाजार में सुभाष फुटवेयर के नाम से जूते की दुकान है। सुभाष कुमार के मुताबिक वह किसी परिचित के यहां गए हुए थे। शाम करीब पांच बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो गल्ला खुला हुआ था और उसमें रखी करीब चार से पांच हजार रुपये की नकदी गायब थी।
जांच करने पर दुकान की दीवार टूटी हुई मिली। बताया गया कि चोर दीवार में सेंध लगाकर दुकान से करीब 20 से 25 बॉक्स जूते भी चोरी कर ले गए। दुकानदार का कहना है कि एक माह के भीतर उनकी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है।

