PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए दुपहिया वाहन चोरी कर उनके पार्ट्स बेचने की बात पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक अब्दुल कादिर पुत्र मोहम्मद इरफान, निवासी मेहूवाला खालसा अम्बाड़ी, ने अपने मोटरसाइकिल संख्या UK16D-8414 (स्प्लेंडर प्रो) के चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार मोटरसाइकिल 6 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे पांवटा रोड, खाला हरबर्टपुर के पास से चोरी हुई थी।
मामले में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 10 सितंबर 2026 को एफआईआर संख्या 278/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर की रात ग्राम कुंजा से हाईवे जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर विकास (24) पुत्र स्व. श्यामलाल, निवासी धौलाकुआं, नाहन रोड, थाना माजरा, जनपद सिरमौर, हिमाचल प्रदेश को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए दुपहिया वाहन चोरी करता था। उसके अनुसार चोरी किए गए वाहनों के अलग-अलग पार्ट्स निकालकर बेचने से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल नशे की खरीद में करता था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
बरामदगी-मोटरसाइकिल UK16D-8414, मॉडल: स्प्लेंडर प्रो
पुलिस टीम-उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्थवाल, पीआरडी विजेंद्र, कोतवाली विकासनगर

