सहसपुर कोतवाली की कमान उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल को
PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। जनपद देहरादून के पुलिस विभाग में मंगलवार को बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। फेरबदल के तहत शैंकी कुमार को एक बार फिर सेलाकुई थाना अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शैंकी कुमार इससे पहले भी सेलाकुई थाने की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। क्षेत्र में उनके पूर्व कार्यकाल को देखते हुए एक बार फिर उन्हें सेलाकुई थाने की कमान दिए जाने को महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। सेलाकुई क्षेत्र में नशे के कारोबार, आपराधिक गतिविधियों और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस के सामने लगातार चुनौतियां रहती हैं।
वहीं सहसपुर कोतवाली की कमान उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल को सौंपी गई है। मनोज नौटियाल के सामने सहसपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशे के खिलाफ कार्रवाई, लंबित मामलों के निस्तारण और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को आगामी दिनों में कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव के बाद संबंधित थानों में नई टीम के साथ कामकाज में भी बदलाव देखने को मिलेगा। पुलिस प्रशासन की ओर से अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।



