PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित 60 वर्षीय महिला हिस्ट्रीशीटर परवीन उर्फ पिन्नो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट की तामीली के दौरान उसके घर की तलाशी में खाना बनाने वाले चकले के पीछे छिपाकर रखी गई 6.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई 2026 को दिलदार निवासी मदीना बस्ती बाईपास रोड, विकासनगर को 8.08 ग्राम स्मैक तथा 3 सितंबर 2026 को आशिफ निवासी सहसपुर को 10.28 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों मामलों में कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने स्मैक कुंजाग्रांट निवासी परवीन उर्फ पिन्नो से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत विवेचना शुरू की और उसके घर की तलाशी के लिए न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया।
7 सितंबर 2026 को नायब तहसीलदार ग्यारू दत्त जोशी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने परवीन उर्फ पिन्नो के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चकले के पीछे छिपाकर रखी गई 6.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में सामने आई बिक्री की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि जुलाई में दिलदार ने उसके घर आकर उससे स्मैक खरीदी थी। बाद में दिलदार की गिरफ्तारी और पुलिस को उसका नाम बताए जाने की जानकारी मिलने पर उसने कुछ समय के लिए स्मैक बेचना बंद कर दिया था। महिला के अनुसार, मामला शांत होने का अनुमान लगने के बाद उसने दोबारा चोरी-छिपे स्मैक बेचना शुरू कर दिया। 3 सितंबर को आशिफ के उसके घर से स्मैक खरीदने और बाद में उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर उसने बची हुई स्मैक घर में छिपा दी थी।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला कोतवाली विकासनगर की हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध वर्ष 2018 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018, 2019 और 2023 के एनडीपीएस एक्ट के मामले तथा वर्ष 2023 का चोरी से संबंधित मामला शामिल है। वर्ष 2026 में भी उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट से संबंधित अभियोग दर्ज बताए गए हैं।
बरामदगी-6.98 ग्राम अवैध स्मैक
पुलिस टीम-कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सनोज कुमार, महिला उपनिरीक्षक रुबी, कांस्टेबल मनोज भारती, अनिरुद्ध, महिला कांस्टेबल अमरजीत, कांस्टेबल प्रवीन चौहान, राजकुमार, मंदीप गिरी तथा पीआरडी महेन्द्र शामिल रहे।
तलाशी की कार्रवाई नायब तहसीलदार विकासनगर ग्यारू दत्त जोशी की मौजूदगी में की गई।

