45 दिन की बुकिंग अवधि घटाकर 25 दिन की गई, पेट्रोलियम कंपनियों को निर्देश
PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर/पछवादून। ग्रामीण क्षेत्र के एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ता 45 दिन के बजाय 25 दिन बाद अपना एलपीजी गैस सिलेंडर बुक करा सकेंगे। इससे लंबे समय से बुकिंग अवधि को लेकर परेशान उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि एशिया में जारी संघर्ष के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए 45 दिन की समय सीमा लागू की गई थी। इसके चलते उपभोक्ताओं को सिलेंडर समाप्त होने के बाद दोबारा बुकिंग कराने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ग्रामीण क्षेत्रों के एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की निर्धारित अवधि को घटाकर 25 दिन करने का निर्णय लिया है। इसके बाद ग्रामीण उपभोक्ता पिछली बुकिंग के 25 दिन पूरे होने के बाद नया गैस सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
सरकार की ओर से इस संबंध में संबंधित पेट्रोलियम कंपनियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए पहले की तुलना में 20 दिन कम इंतजार करना पड़ेगा।
इस फैसले से खासकर उन ग्रामीण परिवारों को राहत मिलेगी, जहां एलपीजी सिलेंडर की खपत अधिक है और 45 दिन की बुकिंग अवधि के कारण उन्हें घरेलू ईंधन की व्यवस्था करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

