PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर/सेलाकुई। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र से होकर बहने वाली स्वारना नदी ने रविवार को रौद्र रूप धारण कर लिया। नदी का जलस्तर बढ़ने से रामपुर स्थित विद्यालय के समीप सड़क का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने से विद्यालय की सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा एवं बचाव के इंतजाम करने की मांग की है।
वहीं, स्वारना नदी का पानी शिवनगर बस्ती तक पहुंचने से लोगों में दहशत का माहौल है। नदी के आसपास बनी झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों पर पानी के तेज बहाव के चलते खतरा बढ़ गया है। यदि नदी का जलस्तर और बढ़ता है तो बस्ती में पानी घुसने की आशंका बनी हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने नदी के बढ़े जलस्तर, क्षतिग्रस्त सड़क और विद्यालय के आसपास की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा सुरक्षा और बचाव के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि नदी के तेज बहाव से प्रभावित स्थानों पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव व्यवस्था तैयार रखी जाए। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई।
इधर सेलाकुई नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित चौधरी भी शिवनगर बस्ती पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बस्ती के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं तथा किसी भी आपात स्थिति में हरसंभव बचाव एवं राहत कार्य उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
स्वारना नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों और बस्तीवासियों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर हर वर्ष आसपास के क्षेत्रों में खतरा उत्पन्न होता है। लोगों ने प्रशासन से नदी के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के बावजूद नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में आसपास के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। नदी के किनारे जाने और तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने से बचने की अपील की गई है।

