PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। पछवादून के विकासखंड विकासनगर अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बदामावाला के होनहार छात्र वैभव ठाकुर का चयन राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है। वर्ष 2026 की द्वितीय चयन सूची में वैभव ठाकुर का नाम शामिल होने से विद्यालय परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वैभव की इस सफलता पर उनके पिता संजय कुमार एवं माता कल्पना ने खुशी जताते हुए इसे उनके परिश्रम और लगन का परिणाम बताया। वहीं विद्यालय के शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने वैभव को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
प्राथमिक विद्यालय बदामावाला के प्रधानाध्यापक राजकुमार डोगरा ने वैभव के चयन की जानकारी देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्र की मेहनत की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

