PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर, 25 अगस्त। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के चलते तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की रात सिटी पैलेस के सामने मारपीट, दुकान में तोड़फोड़ और मोबाइल क्षतिग्रस्त करने की सूचना प्राप्त हुई थी।

पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार, फतेहपुर ग्रांट निवासी नितिश ठाकुर की दुकान में कुछ व्यक्तियों द्वारा घुसकर वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की गई तथा दुकान में रखा सामान और फर्नीचर क्षतिग्रस्त किया गया। इसके अलावा सुयश कुमार के साथ भी मारपीट कर उसका मोबाइल फोन तोड़ने की बात सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, मौके की परिस्थितियों को देखते हुए दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने और संगठित होकर गंभीर प्रकृति का अपराध होने की आशंका थी। इससे लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने तथा जान-माल की क्षति की संभावना को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

पुलिस ने संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए धारा 170 BNSS के तहत तीन युवकों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंश चौधरी (18 वर्ष) पुत्र जसवन्त सिंह, निवासी जेई क्लब झूलापुर डाकपत्थर, कोतवाली विकासनगर; प्रियांशु वर्मा (19 वर्ष) पुत्र रविन्द्र वर्मा, निवासी जमना खादर बाजार, कोतवाली विकासनगर; तथा यशवन्त थापा उर्फ अनिल (18 वर्ष) पुत्र गोविन्द थापा, निवासी जमना खादर बाजार, कोतवाली विकासनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार परगना मजिस्ट्रेट विकासनगर के न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

