PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर, देहरादून। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली विकासनगर पुलिस ने गाय के साथ क्रूरता के मामले में तत्काल कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में एक गाय को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर घसीटते हुए ले जाते तथा कुछ दूरी पर उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को भागते हुए दिखाया गया था।

पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए घायल गाय को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ट्रैक्टर-ट्रॉली के संबंध में जानकारी जुटाई।

जांच में उक्त वाहन राज डेयरी फार्म, आदूवाला-जुड़ली के स्वामी राज कुमार का होना पाया गया। पुलिस ने राज कुमार के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली विकासनगर में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया है तथा वाहन स्वामी को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

