PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 20 अगस्त 2026 को जनपद देहरादून के सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा और आपदा के संभावित खतरे को देखते हुए लिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून की ओर से 19 अगस्त 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि वर्तमान में जनपद में तीव्र वर्षा हो रही है। निदेशक, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं एनडीएमए के अलर्ट तथा नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 अगस्त 2026 की मध्याह्न तक देहरादून जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली चमकने/वर्षा के अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन 20 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। विशेष रूप से नदी-नालों, बरसाती गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश आपदा न्यूनीकरण एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम के रूप में घोषित किया गया है।
आदेश जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून डॉ. आशीष चौहान की ओर से जारी किया गया है।

