PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। विकासनगर क्षेत्र में शक्तिनहर में डूबे 30 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को गहन सर्चिंग अभियान के दौरान बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:11 बजे पुलिस चौकी बाजार विकासनगर से एसडीआरएफ डाकपत्थर पोस्ट को सूचना मिली कि बीती रात एक व्यक्ति पुल नंबर-1 से शक्तिनहर में कूद गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ टीम ने शक्तिनहर में युवक की तलाश के लिए व्यापक सर्चिंग अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने ढकरानी इंटेक के पास से युवक का शव बरामद कर लिया।
मृतक की पहचान मुबारिक पुत्र इकराम, उम्र 30 वर्ष, निवासी बड़ा रामपुर, देहरादून के रूप में हुई है। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

