PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। देशभर में जहां शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा था, वहीं सहसपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता अपने मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर ब्लॉक मुख्यालय पर धरने पर बैठी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि मतदाता सूची में दर्ज 200 से अधिक लोगों के नामों पर फर्जी आपत्तियां लगाई गई हैं।

धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि भारत के संविधान ने प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मत का अधिकार दिया है, लेकिन सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए कथित तौर पर गलत तरीके से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इन आपत्तियों में कई ऐसे लोग शामिल हैं जो सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासी नहीं हैं। कुछ आपत्ति दर्ज कराने वालों के संबंध में बताया गया कि वे विकासनगर, टिहरी और हरिद्वार सहित अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि जब कथित आपत्ति लगाने वाले लोगों से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति के नाम पर कोई आपत्ति दाखिल नहीं की है। उनका कहना है कि उनके मोबाइल नंबरों का गलत इस्तेमाल कर आपत्तियां दर्ज की गई हैं।

ग्रामीणों ने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता सूची में किसी व्यक्ति के नाम पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और फर्जी आपत्तियां लगाने तथा किसी अन्य व्यक्ति के नाम अथवा हस्ताक्षर का कथित रूप से इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

धरना सुबह करीब 11 बजे शुरू होकर दोपहर लगभग 2 बजे तक चला। सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद तिवारी मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे लोगों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जाएगा तथा सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

हालांकि ग्रामीणों ने मांग की कि जिन लोगों ने कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम का सहारा लेकर फर्जी हस्ताक्षर अथवा आपत्तियां दर्ज की हैं, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

धरने में सुंदर थापा, जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस, परमाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शंकरपुर, संजय रावत, अनीस अहमद, पूर्व प्रधान सहसपुर, समीर प्रधान सहसपुर, अमजद क्षेत्र पंचायत सदस्य, शाहरुख क्षेत्र पंचायत सदस्य, इंतजार, मोईन, कालूराम, अकरम सलमानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

