जोशीमठ से करीब 37 किलोमीटर आगे हुआ हादसा, 17 से अधिक गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित
PACHWADUN MEDIA.COM
चमोली। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जोशीमठ से करीब 37 किलोमीटर आगे लोंग (तमक) के पास हाल ही में बनाया गया वैली ब्रिज उफनती नदी की चपेट में आकर बह गया।
बताया जा रहा है कि नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण तेज बहाव ने वैली ब्रिज को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया। पुल के बह जाने से नीती घाटी की ओर जाने वाला सड़क मार्ग फिलहाल बाधित हो गया है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, वैली ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के 17 से अधिक गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्र में आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तमक के पास नदी के उफान को देखते हुए क्षेत्र में स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। पुल के बहने के बाद अब प्रशासन और संबंधित विभाग के सामने प्रभावित मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करना बड़ी चुनौती है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित मार्ग का निरीक्षण कर वैकल्पिक व्यवस्था तथा आवागमन बहाल करने की मांग की है।

