मधु विहार में पंखे से रस्सी लटकने के मिले संकेत, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई, देहरादून। थाना सेलाकुई क्षेत्र के मधु विहार में सोमवार को एक 35 वर्षीय महिला का शव उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पूजा देवी पत्नी आशीष सिंह, निवासी ग्राम सारना, पोस्ट मसूर, थाना श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से मधु विहार में किराये के मकान में रह रही थी। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक पूजा के साथ रहने वाला प्रकाश, जिसे वह अपना दूसरा पति बताती थी, करीब 8-9 महीने पहले जापान चला गया था। इसके बाद पूजा कमरे में अकेली रह रही थी।
मकान मालिक चंदन कुमार के अनुसार, उन्होंने रविवार 9 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे पूजा को देखा था। सोमवार को दोपहर 2-3 बजे तक जब वह दिखाई नहीं दी तो मकान मालिक अपनी पत्नी के साथ उसके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने दरवाजे को धक्का दिया, जिसके बाद वह खुल गया। अंदर पूजा फर्श पर बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। उसके गले में रस्सी थी और पंखे पर भी रस्सी का एक टुकड़ा लटका हुआ था।
सूचना मिलते ही थाना सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित कराए। इसके बाद शव को विकासनगर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, देर रात होने के कारण मौके पर पंचनामा की कार्रवाई नहीं हो सकी। नियमानुसार पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

