विद्युत विभाग ने पीपल के पेड़ की कटाई-छंटाई तो कर दी, लेकिन सफाई करना भूला; राहगीरों और दुकानदारों को हो रही परेशानी
PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। सहसपुर मुख्य बाजार स्थित बस स्टैंड के समीप विद्युत विभाग द्वारा करीब एक सप्ताह पूर्व पीपल के वृक्ष की कटाई-छंटाई की गई थी। कटाई-छंटाई के बाद पेड़ की टहनियां, तने और पत्तियां सड़क किनारे ही छोड़ दी गईं, जो अब तक नहीं हटाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सड़क पर पड़ा पेड़ का मलबा जिम्मेदार विभागों का ध्यान आकर्षित नहीं कर पाया है। मुख्य बाजार और बस स्टैंड के समीप होने के कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क किनारे पड़ा मलबा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब विद्युत विभाग द्वारा पेड़ की कटाई-छंटाई कराई गई थी तो उसके बाद निकलने वाले मलबे को हटाने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत या अन्य संबंधित विभाग की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती?
लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह लंबे समय तक पेड़ का मलबा पड़ा रहना साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर पड़े पेड़ के तने, टहनियों और पत्तियों को हटाकर सड़क की सफाई कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभागों की नींद टूटती है या फिर मुख्य बाजार में सड़क किनारे पड़ा यह मलबा इसी तरह लोगों की परेशानी का कारण बना रहेगा।


