PACHWADUN MEDIA.COM
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.86 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीसरी बार गिरफ्तार हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:55 बजे डाकपत्थर क्षेत्र में टोंस कॉलोनी सेकेंड क्लब के पीछे स्थित सड़क पर पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.86 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र इमरान, निवासी विशाल कॉलोनी डाकपत्थर, थाना विकासनगर, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 238/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
नशे का आदी, खर्च चलाने के लिए करने लगा तस्करी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए स्मैक बेचने का काम करता है। इससे होने वाली कमाई से वह अपने नशे और अन्य खर्चों को पूरा करता है। आरोपी के अनुसार बरामद स्मैक उसने किसी स्थानीय व्यक्ति से खरीदी थी।
आरोपी के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार आसिफ के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में लूट/बरामदगी, वर्ष 2021 व 2022 में एनडीपीएस एक्ट, वर्ष 2023 में आर्म्स एक्ट तथा वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2026 में वह एनडीपीएस एक्ट के मामलों में तीसरी बार गिरफ्तार हुआ है।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी डाकपत्थर, कांस्टेबल पदम सिंह, कांस्टेबल दिनेश बाबू और कांस्टेबल रविन्द्र चौहान शामिल रहे।

