PACHWADUN MEDIA.COM
जमीन दिलाने के नाम पर 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सहसपुर पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, हरबर्टपुर निवासी डॉ. शैलेन्द्र तिवारी ने 5 अप्रैल 2026 को कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रजनीश सैनी, वीरू, दीपक पुत्र मदन सिंह, दीपक पुत्र सुरेश एवं अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन बेचने के नाम पर उनसे 65 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत की जांच के बाद कोतवाली सहसपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान 5 अगस्त 2026 को आरोपी दीपक पुत्र मदन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया था।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने गुरुवार को मामले के दूसरे वांछित आरोपी दीपक पुत्र स्वर्गीय सुरेश (28 वर्ष), निवासी ग्राम मेहुवाला खालसा, थाना विकासनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी रजनीश सैनी को न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि आरोपी वीरू की मृत्यु हो चुकी है। मामले में अन्य आरोपियों और तथ्यों की जांच जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी धर्मावाला उपनिरीक्षक पंकज कुमार, अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी, कांस्टेबल दिनेश चौहान एवं कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।

