मिलावटी और नकली खाद्य वस्तुओं की बिक्री रोकने के लिए चला सघन चेकिंग अभियान, नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मिलावटी एवं नकली खाद्य वस्तुओं की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बुधवार को हरर्बटपुर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
चेकिंग अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले ग्रॉसरी हब, रामबाग, हरर्बटपुर पहुंची। टीम ने प्रतिष्ठान से गाय के घी का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने यश-जे आपूर्ति मार्ट, हरर्बटपुर का निरीक्षण किया, जहां से सूजी और मैदा के नमूने लिए गए

इसके पश्चात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बाबूगढ़, विकासनगर स्थित दावत रेस्टोरेंट पहुंची। यहां से टीम ने पनीर का नमूना लिया। विभाग की ओर से कुल चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और विभिन्न दुकानों, रेस्टोरेंटों तथा खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से पछवादून क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

