PACHWADUN MEDIA.COM
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावटी व नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय के कड़े निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज पछवादून क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (विकासनगर) संजय तिवारी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम) रमेश सिंह के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने पछवादून के झीवरहेड़ी से लेकर धर्मावाला तक विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 8 नमूने (सैंपल) एकत्र कर उन्हें गुणवत्ता जांच के लिए रुद्रपुर स्थित राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा गया है।

बिना लाइसेंस चल रही दुकान को नोटिस
कार्रवाई की शुरुआत में टीम ने झीवरहेड़ी स्थित अमन प्रोविजन स्टोर पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान दुकानदार खाद्य एवं सुरक्षा मानक प्राधिकरण (FSSAI) का अनिवार्य फूड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। बिना लाइसेंस व्यापार करने पर दुकान संचालक को तत्काल नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही दुकान से सोनपापड़ी और रस्क के नमूने सील किए गए।
इन खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल
हसनपुर-शेरपुर: अमीर प्रोविजन स्टोर पर छापेमारी कर बिक्री के लिए रखी गई एनर्जी ड्रिंक का सैंपल लिया गया।
सभावाला: यहां स्थित एक सुपर स्टोर की चेकिंग के दौरान रसोई में इस्तेमाल होने वाले रोजमर्रा के मसालों जैसे धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और सरसों के तेल के नमूने सील किए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर विभाग की पैनी नजर है। प्रयोगशाला से नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या मानकों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में आगे भी यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

