PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखण्ड को ड्रग्स मुक्त बनाने के अभियान के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस, औषधि निरीक्षक (एफडीए) एवं एएनटीएफ देहरादून की संयुक्त टीम ने धर्मावाला क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर संचालक को 112 अवैध ट्रामडोल नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर 28 जुलाई को धर्मावाला क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स की औचक जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान धर्मावाला चौक स्थित सांई मेडिकल स्टोर में औषधि निरीक्षक द्वारा निरीक्षण किए जाने पर 112 ट्रामडोल नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद मेडिकल स्टोर संचालक जोनी सैनी को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली सहसपुर में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है तथा करीब दो वर्ष पूर्व धर्मावाला में मकान बनाकर परिवार सहित रहने लगा। उसने अपने चचेरे भाई शुभम के साथ लगभग 10–11 वर्ष पहले सांई मेडिकल स्टोर खोला था। आरोपी ने स्वीकार किया कि ट्रामडोल कैप्सूल मेडिकल स्टोर में नशा करने वालों को फुटकर में बेचकर अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से रखे गए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोनी सैनी (37 वर्ष) पुत्र शिवराम सैनी, हाल निवासी ग्राम धर्मावाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।
बरामदगी: 112 अवैध ट्रामडोल नशीले कैप्सूल।
इस कार्रवाई में औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी, एएनटीएफ के उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी सहित एएनटीएफ एवं सहसपुर पुलिस के अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

