PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई क्षेत्र के जमनपुर स्थित ईदगाह परिसर के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान एक दर्दनाक हादसे में शेरपुर-सहसपुर निवासी लाईन मैन मनीष डॉन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेरपुर-सहसपुर निवासी मनीष डॉन विद्युत ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए विद्युत पोल पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में विद्युत प्रवाह आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से वह पोल पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना पूरी तरह विद्युत आपूर्ति बंद किए मरम्मत कार्य कराया गया, जो ऊर्जा निगम की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने पर ऊर्जा निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जांच कराने का आश्वासन दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया गया होता तो एक परिवार का सहारा इस तरह असमय नहीं छिनता। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत मरम्मत कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाने की मांग की है।
फिलहाल घटना को लेकर ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के प्रति भारी रोष व्याप्त है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

