प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर अग्रिम आदेशों तक आवाजाही की निषिद्ध; सड़क बहाली के कार्य शुरू करने के निर्देश
PACHWADUN MEDIA.COM
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही अतिवृष्टि (भारी बारिश) के कारण देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर स्थित ‘पानी वाले बैण्ड’ के पास सड़क का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। दुर्घटना की संभावना और आम जनता की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इस मार्ग पर आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी है।
उप जिला मजिस्ट्रेट (SDM), मसूरी द्वारा सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, अगले निर्देशों तक देहरादून-मसूरी मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों के परिवहन और आवाजाही पर रोक रहेगी।
मार्ग बहाली के प्रयास: लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०) मसूरी और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मार्ग की जल्द मरम्मत कराने और इसे पुनः खोलने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रियों से अपील:
प्रशासन ने मसूरी की ओर यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षा के दृष्टिगत इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों/प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें।

