PACHWADUN MEDIA.COM
उतराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हरेला पर्व के तहत विधायक ने ग्राम पंचायत बंशीवाला में वन विभाग एवं एनडीआरएफ की टीम के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के छायादार पौधे लगाए। इसके बाद उन्होंने ग्रीन एवेन्यू, चंद्रबनी में भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने क्षेत्रवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह लोकपर्व हरियाली, नई ऋतु, समृद्धि, कृषि, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। मान्यता है कि हरेला जितना अच्छा होगा, किसानों की फसल भी उतनी ही बेहतर होगी।
विधायक ने कहा कि श्रावण मास में हरेला पूजन के बाद पौधारोपण करना उत्तराखंड की प्राचीन परंपरा रही है। उन्होंने “एक वृक्ष, दस पुत्रों के समान” का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेशभर में विभिन्न संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की सहभागिता से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।
इस अवसर पर शिवालिक नगर मंडल अध्यक्ष मदन सिंह, मंडल महामंत्री चंद्रशेखर सामंत, वार्ड-91 की पार्षद सुमन बुटोला, पूर्व पार्षद सुखवीर सिंह बुटोला, ग्लेक्सियन इंटरनेशनल स्कूल के एमडी डॉ. मयंक गौर, सुनीता गौड़, दीपक राणा, युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

