PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून के विकासनगर तहसील के अंतर्गत आने वाले 28 फीटा रोड पर इन दिनों स्थानीय निवासियों, राहगीरों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में डाली जा रही पेयजल लाइन निर्माण कार्य के चलते पूरी सड़क बदहाल हो चुकी है, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए यह मार्ग किसी मुसीबत से कम नहीं रह गया है।
दुकानदार सबसे ज्यादा परेशान
पेयजल लाइन बिछाने के बाद हो रहे पानी के रिसाव (लीकेज) ने स्थानीय व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। विशेष रूप से उन दुकानदारों को भारी नुकसान और परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिनकी दुकानों के ठीक सामने खुदाई की गई है। सड़क पर फैले कीचड़ और पानी के जमाव के कारण दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे उनका व्यापार ठप पड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्य में लापरवाही के चलते पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे सड़क पर दलदल जैसी स्थिति बन गई है।
जल्द सड़क पक्की करने का आश्वासन
इस संबंध में जब मौके पर काम कर रहे विभागीय कर्मचारियों से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि वर्तमान में लाइनों की टेस्टिंग और मरम्मत का कार्य चल रहा है। कर्मचारियों ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही मरम्मत का काम पूरी तरह से संपन्न हो जाएगा, खोदे गए मार्ग को दुरुस्त कर उसे पक्का (डामरीकरण/पैच वर्क) कर दिया जाएगा।
बहरहाल, स्थानीय जनता और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस कार्य को कछुआ गति के बजाय जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को इस रोज-रोज की मुसीबत से निजात मिल सके।

