PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर क्षेत्र के अंतर्गत थाना सेलाकुई पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए शांति भंग करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम जूलो भगवानपुर का है, जहां दो पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर जमकर लात-घूंसे चले।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 जुलाई 2026 को ग्राम जूलो भगवानपुर में दो पक्षों के बीच जमीन से जुड़े एक मामले को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष बेहद उग्र हो गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे और मरने-मारने पर आमादा हो गए।
पूछताछ और जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है और वे एक-दूसरे के प्रति रंजिश रखते हैं। मौके पर किसी भी बड़े संज्ञेय अपराध की आशंका और स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों से कुल तीन लोगों को धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
ऋषिराज (59 वर्ष), पुत्र स्व0 मोहनलाल, निवासी: जूलो भगवानपुर, सेलाकुई, देहरादून।
आनंद किशोर (54 वर्ष), पुत्र स्व0 बुद्धराम, निवासी: जूलो भगवानपुर, सेलाकुई, देहरादून।
लीला (49 वर्ष), पुत्र स्व0 बुद्धराम, निवासी: जूलो भगवानपुर, सेलाकुई, देहरादून।
थाना पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय परगना मजिस्ट्रेट विकासनगर के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और कानून हाथ में लेने वाले तत्वों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

