PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून जिला कांग्रेस कमेटी की बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी की आखिरकार घोषणा हो गई है। इस नई कार्यकारिणी में सहसपुर निवासी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता चिरंजी लाल कश्यप को एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। आलाकमान ने उनके लंबे सांगठनिक अनुभव पर भरोसा जताते हुए उन्हें पछवादून जिला कांग्रेस का महामंत्री नियुक्त किया है।
चिरंजी लाल कश्यप पिछले लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले भी वह संगठन के भीतर कई अहम पदों की जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें इस महत्वपूर्ण पद से नवाजा है।
उनकी इस नियुक्ति पर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि चिरंजी लाल कश्यप के महामंत्री बनने से पछवादून क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावों में पार्टी धरातल पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।
अपनी नियुक्ति पर आभार जताते हुए नवनियुक्त जिला महामंत्री चिरंजी लाल कश्यप ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “मेरा मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कांग्रेस की नीतियों व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज को जनता के बीच ले जाना है।”
उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

