PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के आगामी सत्र में पहली बार ‘मसूरी शेरू क्लासिक’ फ्रेंचाइजी टीम मैदान में उतरेगी। शनिवार को राजपुर रोड स्थित होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में टीम प्रबंधन ने फ्रेंचाइजी की औपचारिक घोषणा करते हुए उत्तराखंड के युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
टीम के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रमोटर शेरू अंग्रीश ने बताया कि वह टीम के को-ओनर हैं। टीम के मालिक अरुण कुमार हैं, जबकि विकास रावत भी को-ओनर के रूप में जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रदीप सांगवान को टीम का मेंटर बनाया गया है, जिनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
शेरू अंग्रीश ने कहा कि उनकी संस्था देश के प्रतिष्ठित शेरू क्लासिक बॉडीबिल्डिंग आयोजनों के माध्यम से कई खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा चुकी है। अब इसी सोच के साथ उत्तराखंड के युवाओं को क्रिकेट और बॉडीबिल्डिंग दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
टीम के मालिक अरुण कुमार ने बताया कि 18 सितंबर से देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आयोजन होगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे और उनका सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली यह लीग प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता दिखाने का सुनहरा अवसर है।
उन्होंने बताया कि मसूरी शेरू क्लासिक पहली बार इस लीग का हिस्सा बनेगी। टीम चयन के लिए जुलाई माह में गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। यह अकादमी टीम की आधिकारिक पार्टनर है और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा एवं क्रिकेट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
को-ओनर विकास रावत ने प्रदेश के युवाओं से ट्रायल्स में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि मसूरी शेरू क्लासिक उत्तराखंड की क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।
पत्रकार वार्ता में देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा और किरण रौतेला वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

