मनरेगा से दो कदम आगे: अब ₹300 मजदूरी और 125 दिन का रोजगार
PACHWADUN MEDIA.COM
विकसित भारत जी राम जी अभियान के तहत गुरुवार को विकास खंड सहसपुर कार्यालय परिसर में प्रदेश स्तरीय जन सम्मेलन एवं लाइव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने की।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जन सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी देखा गया, जिसमें केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर के लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
मुख्य अतिथि ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प ग्रामीण क्षेत्रों के सशक्तीकरण से ही पूरा होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है तथा मनरेगा के तहत रोजगार गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है।
ग्राम्य विकास मंत्री ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत कार्यों का दायरा भी बढ़ाया गया है। पहले जहां 266 प्रकार के कार्य शामिल थे, अब उनकी संख्या बढ़ाकर 318 कर दी गई है। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, ग्रामीण आजीविका, कृषि आधारित कार्य तथा आपदा न्यूनीकरण से जुड़े अनेक कार्य शामिल किए गए हैं।
सचिव ग्राम्य विकास धीराज गर्ब्याल ने विकसित भारत जी राम योजना के उद्देश्यों और ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजना को ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग अनुराधा पाल ने सभी अतिथियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत, सावित्री चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उपाध्यक्ष ग्राम्य विकास एजेंसी राजूल, अपर मुख्य विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह, राज्य समन्वयक सुधा तोमर, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, खंड विकास अधिकारी मुननी शाह सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

