PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प और पुलिस मुख्यालय के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने हीरालाईन ढकरानी क्षेत्र से एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ है।
चैकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने शनिवार (20 जून) की रात करीब 7:15 बजे हीरालाईन ढकरानी के पास आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.59 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2,20,000 रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सोहेल उर्फ मुर्गा (उम्र 21 वर्ष), पुत्र निसार, निवासी वार्ड नंबर 09, ढकरानी, विकासनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु.अ.सं.-183/2026 के तहत धारा 8/21 NDPS ACT में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बरेली से लाता था स्मैक, टैक्सी चालकों को बेचता था
पुलिस पूछताछ में आरोपी सोहेल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह यह स्मैक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से लेकर आता था। इसके बाद वह ढकरानी और आसपास के इलाकों में टैक्सी चालकों और स्थानीय मजदूरों को फुटकर (रिटेल) में ऊंचे दामों पर बेचता था। कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में वह लंबे समय से इस काले कारोबार में लिप्त था।
चौथी बार चढ़ा पुलिस के हत्थे (अपराधिक इतिहास)
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया अभियुक्त सोहेल उर्फ मुर्गा एक बेहद शातिर और पेशेवर अपराधी है। वह महज 21 साल की उम्र में चौथी बार एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत जेल जा रहा है। इससे पहले भी विकासनगर कोतवाली में उसके खिलाफ साल 2021, 2022 और 2024 में ड्रग्स तस्करी के गंभीर मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस टीम- वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, उपनिरीक्षक ओमवीर चौधरी, उपनिरीक्षक संदीप पंवार, कांस्टेबल नवीन कोहली, नरेश पन्त और अनिरुद्ध।

