PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ विकासनगर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ (12 जून से 26 जून 2026) के तहत गुरुवार को कोतवाली विकासनगर पुलिस द्वारा विकासनगर बाजार में एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को जीवन में कभी नशा न करने की शपथ दिलाई गई और नशे के खात्मे के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एक्शन मोड में पुलिस
पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के आदेशानुसार, ग्रामीण-II पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी विकासनगर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य एक तरफ जहाँ नशा तस्करों के खिलाफ कमर तोड़ कार्रवाई करना है, वहीं दूसरी तरफ आम जनमानस को इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना है।
बाजार में गूंजे नशा मुक्ति के नारे, बांटे गए पम्पलेट
आज प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) विकासनगर के नेतृत्व में पुलिस बल ने विकासनगर के मुख्य कस्बा बाजार में जनजागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी अभियान से जुड़े। पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक करने के लिए पम्पलेट भी वितरित किए गए, जिनमें नशे से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान की जानकारियां दी गई थीं।
”नशे के सौदागरों की खैर नहीं, तुरंत दें पुलिस को सूचना”
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों ने जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि राज्य को नशा मुक्त बनाना किसी एक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का कर्तव्य है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि उनके आस-पास कोई भी व्यक्ति अवैध नशे के कारोबार या तस्करी में लिप्त पाया जाता है, तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।
गोपनीय रहेगा सूचना देने वाले का नाम
पुलिस ने जनता के साथ महत्वपूर्ण संपर्क नंबर साझा करते हुए विश्वास दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। विकासनगर पुलिस का यह जागरूकता अभियान पूरे थाना क्षेत्र में लगातार जारी है, जिससे नशा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

