अजय शर्मा
पछवादून क्षेत्र में शराब के ठेकों पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने और शिकायत करने पर ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप सामने आए हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे सहसपुर स्थित अंग्रेजी शराब एवं बीयर की दुकानों पर हुई घटनाओं ने उपभोक्ता अधिकारों और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं ।

जानकारी के अनुसार सहसपुर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से PACHWADUN MEDIA.COM की टीम ने मैकडॉवेल्स (Mc Dowell’s) का क्वार्टर खरीदा। बोतल पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) 175 रुपये था, लेकिन ग्राहक से 180 रुपये वसूले गए। ग्राहक द्वारा भुगतान स्कैनर के माध्यम से किया गया, जिसमें भुगतान प्राप्त करने वाले खाते का नाम ENGLISH WINE SHOP तथा यूपीआई आईडी paytm.d91704574@pta प्रदर्शित हुई। टीम के सदस्यों ने पास स्थित बीयर शॉप पर जाकर किंगफिशर बीयर की कीमत पूछी। आरोप है कि सेल्समैन ने बीयर के लिए 210 रुपये कीमत बताई। भुगतान के लिए उपलब्ध कराए गए स्कैनर को स्कैन करने पर राशि प्राप्त करने वाले खाते का नाम PANKAJ SINGH तथा यूपीआई आईडी paytm-77567036@ptys दिखाई दी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ शराब ठेकों पर लंबे समय से ओवररेटिंग की शिकायतें मिल रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने का विरोध करने या बिल मांगने पर सेल्समैन अभद्र व्यवहार करते हैं और ग्राहकों को टालने का प्रयास करते हैं। इससे आम उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि शराब की बोतलों और कैनों पर स्पष्ट रूप से एमआरपी अंकित होती है, इसके बावजूद अतिरिक्त राशि वसूला जाना नियमों के विपरीत है। लोगों ने मांग की है कि आबकारी विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित दुकानों की जांच कराए तथा यदि ओवररेटिंग की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
क्षेत्रवासियों ने यह भी मांग की है कि शराब की दुकानों पर डिजिटल भुगतान के लिए लगाए गए स्कैनरों और भुगतान प्राप्त करने वाले खातों की भी जांच की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वसूली गई राशि अधिकृत खाते में जा रही है या नहीं।
फिलहाल इस मामले में संबंधित ठेका प्रबंधन और आबकारी विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है। यदि विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह उपभोक्ता अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना जाएगा।

