PACHWADUN MEDIA.COM
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विकासनगर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई खाद्य आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में की गई।
वरिष्ठ खाद्य निरीक्षक विकासनगर संजय तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सभावाला से लेकर हरबर्टपुर तक विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल चार खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
वरिष्ठ खाद्य निरीक्षक संजय तिवारी ने बताया कि सभावाला स्थित वर्नबार्न बेकरी से जीरा बिस्कुट और रस (रस्क) के दो नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान बेकरी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिसके चलते संचालक को नोटिस जारी किया गया है और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा धर्मावाला स्थित मातृभूमि ट्रेडर्स से वनस्पति घी और उत्तर गोल्ड रिफाइंड ऑयल के दो नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संजय तिवारी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग का यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा तथा होटल, ढाबों, बेकरी, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी, ताकि आम जनता और यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

