PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने मंगलवार को ‘दून एनिमल वेलफेयर’ द्वारा संचालित गौशाला परिसर में पशु कल्याण को समर्पित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान गौमाताओं के लिए ऑटोमेटिक रोटी मेकिंग मशीन, बेसहारा कुत्तों के लिए आधुनिक डॉग शेल्टर तथा संस्था की आधिकारिक पत्रिका का भव्य शुभारंभ किया गया।
तकनीक से होगी गौसेवा: हर दिन तैयार होंगी ताजी रोटियां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ऑटोमेटिक रोटी मेकिंग मशीन रही, जिसका उद्घाटन विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, पुरकुल सोसायटी की डायना और उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड के निदेशक ए.एल. बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। इस मशीन की सहायता से अब प्रतिदिन बड़ी संख्या में गौमाताओं के लिए स्वच्छ और पौष्टिक रोटियां कम समय में तैयार की जा सकेंगी।
इसके साथ ही, ए.एल. बिष्ट द्वारा एक नए ‘डॉग शेल्टर’ का भी उद्घाटन किया गया। यह शेल्टर विशेष रूप से घायल और बीमार कुत्तों को सुरक्षित आश्रय और बेहतर चिकित्सा उपचार प्रदान करने के उद्देश्य से बनाया गया है।
”गौसेवा से जुड़ना सौभाग्य की बात” – सहदेव सिंह पुण्डीर
समारोह को संबोधित करते हुए माननीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने संस्था के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा: ”पशु सेवा ही वास्तविक मानवता है। दून एनिमल वेलफेयर जिस समर्पण के साथ निराश्रित पशुओं की रक्षा कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। गौसेवा के पुनीत कार्य से जुड़ना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं समाज के हर वर्ग से आह्वान करता हूँ कि वे घायल और बेजुबान पशुओं की मदद के लिए आगे आएं।”
भविष्य की योजनाएं और समर्पण
संस्था के संस्थापक सदस्यों ने बताया कि दून एनिमल वेलफेयर केवल गौसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि बंदर सेवा, पशु चिकित्सा और रेस्क्यू ऑपरेशन्स में भी सक्रिय है। संस्था की नई पत्रिका के माध्यम से पशु कल्याण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संकल्प दोहराया कि आने वाले समय में तकनीक और जन-सहयोग के माध्यम से सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार दिया जाएगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस सेवा उत्सव में सुमीत राणा, भुपी, अमित सवी, शेखर बंसल, रमेश ढौंडियाल, अमित तोमर, मनीष नेगी, कुनाल, आलोक अहूजा, शालू और आकाश सहित क्षेत्र के कई गणमान्य पशुप्रेमी, गौसेवक और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने बेसहारा पशुओं के प्रति करुणा भाव रखने का संकल्प लिया।

