PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर, (30 अप्रैल 2026): सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में कृषि और सिंचाई ढांचे को मजबूत करने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने डोभरी गांव में ₹138.45 लाख की लागत से होने वाले डोभरी नहर जीर्णाेद्धार कार्य का विधिवत भूमि पूजन और शुभारंभ किया। लंबे समय से इस नहर की मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहे स्थानीय किसानों में इस विकास कार्य को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
सिंचाई व्यवस्था होगी सुदृढ़
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि डोभरी नहर का जीर्णाेद्धार क्षेत्र के कृषि परिदृश्य को बदल देगा। उन्होंने जोर देकर कहा ”यह नहर केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हमारे अन्नदाताओं के लिए खुशहाली का मार्ग है। सिंचाई की आधुनिक और सुदृढ़ व्यवस्था से न केवल पानी की बर्बादी रुकेगी, बल्कि कृषि उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय और जीवन स्तर में सुधार आएगा।”
मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान
विधायक ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि सहसपुर विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और शासन स्तर पर कई अन्य परियोजनाओं को भी गति दी जा रही है।
जनसमस्याओं का मौके पर संज्ञान
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ‘जनसुनवाई’ भी की, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक पुण्डीर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से किया जाए।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण अवसर पर सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अभियंताओं सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीण व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने नहर के जीर्णाेद्धार कार्य शुरू होने पर विधायक का आभार व्यक्त किया।

