PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बढ़ती भीषण गर्मी और ‘लू’ (Heat Wave) के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी और जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, कल 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। यह आदेश कक्षा एक से 12वीं तक तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जारी किय गये है।
मौसम विभाग (IMD) की भारी गर्मी और हीट वेव की चेतावनी।
मौसम विभाग और ‘सचेत’ पोर्टल के पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून में तापमान में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के खतरे को देखते हुए आपदा न्यूनीकरण के तहत यह एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश का पालन
जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि जिले के सभी स्कूलों में इस आदेश का कड़ाई से पालन हो।
स्वास्थ्य सलाह: प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। आम जनता से अपील की गई है कि वे गर्मी से बचाव के उपाय करें, पर्याप्त पानी पिएं और बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर में बाहर निकलें।

