PACHWADUN MEDIA.COM
कोतवाली सहसपुर पुलिस ने एक नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ मुकदमे में दुराचार और पोक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ा दी गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 7 अप्रैल 2026 को सहसपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी थी कि दानिश पुत्र अब्दुल रहमान, निवासी रुद्रपुर, उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर कहीं भगा ले गया है। पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0-79/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के आदेशानुसार और एसपी देहात व क्षेत्राधिकारी विकासनगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सहसपुर ने एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अभियुक्त के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लिया। सर्विलांस की मदद से पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी नोएडा (उत्तर प्रदेश) में छिपा हुआ है। टीम ने तत्काल नोएडा में दबिश देकर अभियुक्त दानिश को धर दबोचा और उसके कब्जे से नाबालिग युवती को सकुशल बरामद किया।
धाराओं में बढ़ोत्तरी और कानूनी कार्रवाई
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में कड़ी धाराएं जोड़ दी हैं। अब अभियुक्त के विरुद्ध BNS की धारा 64 (दुष्कर्म), 87 और 5/6 पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय अभियुक्त दानिश को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 राजीव धारीवाल, (विवेचक/टीम प्रभारी), कांस्टेबल सचिन कुमार (1744), महिला कांस्टेबल बबली नेगी (579) शामिल थी।

