PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी के सुभाष रोड स्थित गुरु नानक वेडिंग पॉइंट में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सहसपुर के पूर्व प्रधान और दिग्गज समाजसेवी सुंदर थापा ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा रहा, जिससे आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सहसपुर क्षेत्र में पार्टी को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कुमारी शैलजा ने किया स्वागत
सीपीएम (CPM) के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रहे सुंदर थापा अपने करीब 25-30 प्रमुख साथियों के साथ वेडिंग पॉइंट पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर देवभूमि में उनका स्वागत किया। कुमारी शैलजा ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में अभिनंदन किया।
वरिष्ठ नेताओं ने पहनाई फूल-माला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा और जिला अध्यक्ष संजय किशोर ने सुंदर थापा व उनके साथियों को फूल-मालाएं पहनाकर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के दिग्गजों की मौजूदगी ने इस आयोजन को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण बना दिया। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, नव प्रभात, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य और हीरा सिंह बिष्ट जैसे कद्दावर नेता मौजूद रहे।
”2027 में जनता देगी जवाब”: आर्येंद्र शर्मा
इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने सुंदर थापा के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा ”सुंदर थापा जैसे निस्वार्थ समाजसेवी, जो सदैव समाज के हित में कार्य करते हैं और एक साफ-सुथरी छवि रखते हैं, उनके कांग्रेस में आने से पार्टी को सहसपुर समेत पूरे जिले में नई ऊर्जा मिलेगी। सहसपुर विधानसभा में पिछले 15 वर्षों से विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह किया गया है, जिसका करारा जवाब क्षेत्र की जनता 2027 के चुनाव में देगी।”
वामपंथी विचारधारा छोड़ कांग्रेस में शामिल
गौरतलब है कि सुंदर थापा लंबे समय तक भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। वर्तमान में वह सीपीएम की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में सक्रिय थे। उनके कांग्रेस में आने से वामपंथी खेमे को सहसपुर क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है।
सदस्यता ग्रहण करने वाले प्रमुख नाम
सुंदर थापा के साथ कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं में जितेंद्र गुप्ता, सोनू बिलाल, हारून, आकाश चौधरी, अनिल चमन।वैभव सिंह, अशोक, शुभम, मुकेश, मानसिंह, शिवम,जयदीप चौहान, महेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, कमल, यूनुस, नवाब अली, फुरकान और अंकित आदि है।
इस मिलन समारोह के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और इसे सहसपुर विधानसभा में सत्ता परिवर्तन की दस्तक के रूप में देखा जा रहा है।


