PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड को ‘ड्रग्स फ्री’ बनाने के अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने एक शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
खंडहर में चल रहा था नशे का खेल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देशानुसार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसपुर के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ हेतु चेकिंग अभियान चला रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम जब चोरखाला नदी के किनारे स्थित बगीचे के पास पहुँची, तो वहां बने एक पुराने खंडहर में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से एक व्यक्ति को दबोचा, जिसके पास से 1 किलो 295 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
आरोपी का विवरण और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद फारुख (55 वर्ष), पुत्र रिजवान, निवासी कसाई मोहल्ला, रामपुर, थाना सहसपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50,000 रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पूर्व भी वर्ष 2025 में थाना सहसपुर में उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा (मु0 अ0 सं0 98/25) दर्ज किया गया था।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से व0उ0नि0 विकास रावत, हेड कानि0 डबल सिंह, कानि0 नवबाहर शामिल थे।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

